कोरोनाभारत

Unlock 5.0 की गाइडलाइंस का आज हो सकता है ऐलान

नई दिल्ली –

कोरोना वायरस महामारी के कारण देश में लगाए गए लॉकडाउन के बाद अब देश में अनलॉक की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। अनलॉक 4 की समय-सीमा 30 सितंबर को समाप्त हो रही है। 1 अक्टूबर 2020 सेे अनलॉक 5 की नई गाइडलाइंस का पालन होगा। Unlock 5.0 की नई गाइडलाइंस की घोषणा आज हो सकती है। कंटेनमेंट के बाहर और गतिविधियों में छूट दी जा सकती है। अनलॉक 5 की नई गाइडलाइंस में कई तरह की छूट मिलने की संभावना है।

अक्टूबर से ही भारत में लंबा चलने वाला त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि कोरोना के बढ़ते मामलो के बीच सरकार अब कौन सी रियायतें देती है और किन चीजों पर प्रतिबंध लगाती है। अक्टूबर महीने में दुर्गापूजा, दिवाली, छठ जैसे कई बड़े त्योहार है, ऐसे में उम्मीद है कि सरकार त्योहारी सीजन को देखते हुए Unlock 5.0 में कई छूट दे सकती है।

सार्वजनिक स्थान जैसे मॉल, सैलून, रेस्टोरेंट, जिम को पहले ही पाबंदियों के साथ खोले जाने की छूट दी जा चुकी है लेकिन अब भी सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल, इंटरटेनमेंट पार्क नहीं खुले हैं। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इन्हें अक्टूबर से खोले जाने की अनुमति दी जाती है या नहीं। जबकि इसके लिए मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से कई बार गुजारिश की जा चुकी है। हालांकि पिछले दिशानिर्देशों में 21 सितंबर से ओपन एयर थियेटर खोले जाने का निर्देश दिया जा चुका है।

पश्चिम बंगाल में थियेटर्स खोलने की इजाजत –
पश्चिम बंगाल ने तो पहले से 1 अक्टूबर से सीमित संख्या में लोगों के प्रवेश के साथ सिनेमा हॉल खोले जाने के लिए अनुमति दे दी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, सामान्य समय की ओर लौटने के लिए जात्रा, नाटक, ओपन एयर थियेटर, सिनेमा और सभी म्यूजिकल, डांस, गायकी और जादू के शो की 50 लोगों या उनसे कम के साथ 1 अक्टूबर से खोले जाने की छूट दी जा रही है। हालांकि इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम, मास्क पहनना और बचाव के आवश्यक उपायों का पालन करना होगा। इधर अनलॉक 5 की प्रक्रिया के दौरान और भी पर्यटन स्थलों और टूरिस्ट सेंटर्स को पर्यटकों के लिए खोला जा सकता है।

Related Articles

Back to top button

Adblocker detecter

Please turn off Adblock and refresh the page