विश्व

अमेरिका के शिकागो में बंदूकधारी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, कइयों की मौत

नई दिल्ली – अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी हुई है। इस बार गोलीबारी शिकागो में हुई। यहां साउथ साइड में एक अज्ञात व्यक्ति ने तीन लोगों की हत्या कर दी और चार अन्य लोगों को घायल कर दिया। हालांकि पुलिस ने हमलावर को भी ढेर कर दिया है। पुलिस ने उसे शहर के उत्तरी हिस्से में एक पार्किंग स्थल पर मार गिराया गया। शिकागो के पुलिस अधीक्षक डेविड ब्राउन के मुताबिक, यह गोलीबारी शनिवार दोपहर में शुरू हुई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बंदूकधारी ने शिकागो विश्वविद्यालय के 30 वर्षीय एक छात्र को सिर में गोली मार दी। घटना के समय वह हाइड पार्क क्षेत्र में एक पार्किंग गैराज में अपनी कार में बैठा हुआ था। इसके बाद 32 वर्षीय बंदूकधारी जैसन नाइटेंगल एक अपार्टमेंट में गया और वहां 46 वर्षीय एक सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी, जो अपनी डेस्क पर बैठा हुआ था। इसके बाद उसने वहां 77 वर्षीय एक महिला को भी गोली मारी।

इसके बाद उसने पहचान के एक व्यक्ति से बंदूक के दम पर कार छीन ली और एक दुकान में गया और वहां गोलियां चलाई। इसमें 20 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई और 81 साल की एक महिला घायल हो गई। महिला की हालत गंभीर है। दुकान से बाहर बंदूकधारी ने कार में बैठी 15 साल की एक लड़की पर गोली चला दी। उसकी हालत गंभीर है।

हमलावर यहीं नहीं ठहरा बल्कि वह इवांस्टोन की तरफ वाहन ले गया। इसकी सीमा शिकागो से लगती है। हमलावर यहां से भी निकलते हुए एक आईएचओपी रेस्त्रां में गया, जहां उसने एक महिला को सिर में गोली मार दी। उसकी हालत नाजुक है। रेस्त्रां से निकलने के बाद अधिकारियों ने उसे पार्किंग क्षेत्र में घेर लिया, जहां पुलिस के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया।

Related Articles

Back to top button

Adblocker detecter

Please turn off Adblock and refresh the page