मनोरंजन

दिल्ली में इस बड़ी एक्ट्रेस के साथ बदसलूकी, 4 लोगों गिरफ्तार

नई दिल्ली – देश की राजधानी दिल्ली में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ जैसे मामले आम बात है। अब टीवी सीरियल ‘दिया और बाती हम’ में आरजू राठी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री प्राची तेहलान को भी बदसलूकी का सामना करना पड़ा। रोहिणी इलाके में एक्ट्रेस से बदसलूकी मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे।

दरअसल शराब के नशे में धुत कार सवार चार युवकों ने उनकी कार पीछा किया और अपार्टमेंट पहुंचने पर गाली-गलौज की। प्राची की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में उनके शराब पीने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पीतमपुरा निवासी कशिश मदान, आशीष, अक्षय कपूर और चिराग बुद्धिराज हैं। इनकी कार को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस शिकायत में अभिनेत्री प्राची तेहलान ने कहा कि वे पति रोहित सरोहा के साथ रोहिणी सेक्टर-14 में रहती हैं। वे राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबाल खिलाड़ी रह चुकी हैं। रविवार देर रात वे पति के साथ रूपनगर स्थित अपने मामा के घर से लौट रही थीं। पीतमपुरा स्थित महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल स्कूल के पास उनकी कार के आगे एक कार चल रही थी। वह कार चालक ने अचानक बीच रास्ते में रोक दी। काफी हार्न बजाने के बावजूद उन्होंने कार नहीं हटाई। उनके पति अपनी गाड़ी लेकर किसी तरह इस कार के बगल से निकल गए तो कार में मौजूद युवक उनकी कार का पीछा करने लगे।

वे अपने अपार्टमेंट में पहुंचीं तो चारों युवक अंदर घुस गए और बदसलूकी करने लगे। उन्होंने दंपती से गाली-गलौज भी की। प्राची ने बताया कि आरोपी 6 किमी से उनका पीछा कर रहे थे। वे उन्हें घर नहीं जाने देने की बात कह रहे थे।

Related Articles

Back to top button

Adblocker detecter

Please turn off Adblock and refresh the page