भारत

मौसम की मार! तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश, उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

नई दिल्ली – देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट बदल ली है। कही बारिश तो कही कड़ाके की ठंड है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में कल से भारी बारिश जारी है। कई निचले इलाकों में पानी भर गय है। जिससे फसलें पानी में डूब गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि रामनाथपुरम जिले के तट के निकट मन्नार की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव के क्षेत्र कमजोर होने और निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है।

केरल के लिए राहत भरी खबर रही और मौसम विभाग ने चक्रवात ‘बुरेवी’ के कमजोर होने के कारण राज्य के सात जिलों के लिए जारी ‘रेड अलर्ट’ वापस ले लिया है। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण तिरुवरूर, पुडुकोट्टाई, तंजावूर आदि जिलों में धान और गन्ने की फसल पानी में डूब गई है।

इधर दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ हो रही है। राजधानी में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर में बारिश हुई और वहां ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू कश्मीर में 10 दिसंबर तक मौसम पर असर पड़ सकता है। गुलमर्ग और श्रीनगर पारा शून्य से क्रमश: 2.2 और 1.2 डिग्री नीचे तक लुढक गया।

हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और केलांग शून्य से 6.9 डिग्री नीचे के तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार में यह 7.9 डिग्री सेल्सियस और करनाल में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गय। रोहतक में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में यह 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के सीकर में रात का तापमान सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे में कहीं घना और कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहा। यहां सबसे कम तापमान चुर्क में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button

Adblocker detecter

Please turn off Adblock and refresh the page